- सोन-कनहर परियोजना के कार्यों में लाई जाए तेजी, दिसंबर 2026 तक शुभारंभ का लक्ष्य
- उपायुक्त ने परियोजना की प्रगति की समीक्षा कर लंबित कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का दिया निर्देश
**************************************
गढ़वा। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में आज उनके कार्यालय कक्ष में सोन-कनहर अंडरग्राउंड पाइपलाइन परियोजना की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी ऐ. बी. अब्राहन, अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, संबंधित एजेंसी (L&T) के प्रोजेक्ट मैनेजर, विभागीय पदाधिकारी एवं परियोजना से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में उपायुक्त ने परियोजना के तहत अब तक किए गए कार्यों, शेष कार्यों, निर्माण की वर्तमान स्थिति तथा कार्यों में आ रही बाधाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी के प्रतिनिधियों से निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान L&T के प्रतिनिधि द्वारा बताया गया कि परियोजना के तहत प्रस्तावित तीन पम्प हाउस में से दो पम्प हाउस का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वहीं तीसरा पम्प हाउस मौजा-मझिगाँवा, अंचल-कांडी में वन विभाग की भूमि पर बनाया जाना है। इसके निर्माण कार्य प्रारंभ करने के लिए वन विभाग से आवश्यक अनुमति प्राप्त हो चुकी है। इस पर उपायुक्त ने संबंधित एजेंसी को शीघ्र पम्प हाउस का निर्माण कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया।
वहीं, दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी ऐ. बी. अब्राहन ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत जिन वृक्षों का वृक्ष-पातन किया जाना है, उनका संयुक्त निरीक्षण किया जा रहा है, जिसे मंगलवार तक पूर्ण किए जाने की संभावना है। इसके पश्चात राज्य स्तर पर गठित समिति से आवश्यक अनुमोदन प्राप्त करने की कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने संयुक्त निरीक्षण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि परियोजना के कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो।
उपायुक्त ने कहा कि सोन-कनहर परियोजना क्षेत्र के विकास एवं आमजनों की सुविधा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण एवं सरकार की प्राथमिकता वाली परियोजना है। उन्होंने परियोजना से जुड़े सभी विभागों एवं एजेंसी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों को गति देने का निर्देश दिया।
उन्होंने विशेष रूप से पम्प हाउस निर्माण, अंडरग्राउंड पाइपलाइन, NBPT, BPT सहित शेष कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही L&T के प्रतिनिधि को दिसंबर 2026 तक योजना के शुभारंभ हेतु सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया।
उपायुक्त ने कहा कि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा परियोजना से संबंधित किसी भी समस्या अथवा बाधा का त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि परियोजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी एवं एजेंसी आपसी समन्वय, प्रतिबद्धता एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य के साथ परियोजना को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूर्ण करना सुनिश्चित करें।










