- जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में ELC से संबंधित बैठक संपन्न
- युवा एवं भावी मतदाताओं को मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश
**************************************
गढ़वा। युवा एवं भावी मतदाताओं (Young Voters/Future Voters) को मतदाता सूची में जोड़ने तथा मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के सफल क्रियान्वयन को लेकर आज समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुद कुमार झा सहित संबंधित शिक्षण संस्थानों के पदाधिकारी एवं अन्य उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत वैसे युवा, जो 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले हैं, उन्हें मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया के संबंध में जागरूक एवं प्रोत्साहित किया जाना है। इसके लिए संबंधित युवाओं से प्रपत्र-6 एवं घोषणा-पत्र प्राप्त कर उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ने की कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में जानकारी दी गई कि 80- गढ़वा एवं 81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वर्तमान में 117 विद्यालयों में ELC (Electoral Literacy Club) Future Voters तथा 12 महाविद्यालयों में ELC New Voters गठित हैं। इन ELC के माध्यम से युवा एवं भावी मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी देने तथा उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने सभी गठित Electoral Literacy Clubs (ELCs) की नियमित बैठक आयोजित करने तथा उनके माध्यम से अधिक से अधिक Young Voters/Future Voters को जागरूक करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पात्र युवाओं को ECINET डाउनलोड कराकर प्रपत्र-6 ऑनलाइन भरवाने की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाई जाए, ताकि कोई भी पात्र युवा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
बैठक में ELC के माध्यम से मतदाता जागरूकता गतिविधियों को और प्रभावी बनाने, युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने तथा आगामी पुनरीक्षण कार्यक्रम के उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।










