- *पटाखों के नाम पर मनमानी नहीं चलेगी, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई : अनुमंडल पदाधिकारी*
गढ़वा। गढ़वा अनुमंडल क्षेत्र में वायु एवं ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। पटाखों के जलाने, छोड़ने एवं बिक्री से संबंधित जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अब सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी कुमार मयंक भूषण द्वारा अनुमंडल क्षेत्र के सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा द्वारा जारी आदेश के अनुपालन में अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों, नगर परिषद गढ़वा एवं नगर पंचायत मझिआंव के कार्यपालक पदाधिकारियों तथा सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है।
जारी निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि पटाखों के उपयोग एवं बिक्री को लेकर माननीय सर्वोच्च न्यायालय, माननीय राष्ट्रीय हरित अधिकरण तथा झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन कराया जाए। इसके लिए संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में सतत निगरानी रखें तथा नियमों के उल्लंघन की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें।
अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि प्रशासनिक दिशा-निर्देशों की अवहेलना करने वालों के प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। प्रतिबंधित अथवा नियम विरुद्ध पटाखों का उपयोग करने, अनधिकृत बिक्री करने एवं निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के सुसंगत प्रावधानों, वायु (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1981 की धारा 37, पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम, 1986 तथा अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतें, पटाखा विक्रेताओं को निर्धारित नियमों की जानकारी दें तथा आम नागरिकों के बीच जागरूकता अभियान चलाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा आदेशों के अनुपालन में शिथिलता को गंभीरता से लिया जाएगा।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, दुकानदारों एवं पटाखा विक्रेताओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें। त्योहारों की खुशियां मनाते समय आमजन के स्वास्थ्य, बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों एवं पर्यावरण की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि नियमों से खिलवाड़ करने की छूट किसी को नहीं है। आदेश का उल्लंघन करने वालों को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। पर्यावरण संरक्षण एवं जनहित से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।










