◆ खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने किया विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
◆ खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने एवं खाद्य सुरक्षा लाइसेंस के साथ व्यवसाय संचालित करने का दिया निदेश
उपायुक्त गढ़वा पशुपति नाथ मिश्रा एवं अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी -सह- अभिहित अधिकारी डॉ.आर. एस. सिंह के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गढ़वा-2, अनिरुद्ध रॉय द्वारा डंडई एवं मेराल प्रखंडों में विभिन्न खाद्य विक्रेताओं एवं सड़क किनारे संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया। इस अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों के खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के अंतर्गत पंजीकरण तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की विस्तृत जांच की गई।

इसके अतिरिक्त, निर्धारित स्थलों पर संचालित आटा चक्कियों का भी निरीक्षण किया गया तथा खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी मानकों के अनुपालन की जांच की गई। निरीक्षण के क्रम में कुछ प्रतिष्ठानों के काउंटर पर बिक्री हेतु रखी गई बासी मिठाइयाँ पाई गईं, जिन्हें तत्काल मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। जबकि कुछ स्थानों पर खाद्य पदार्थों में प्रतिबंधित औद्योगिक रंगों का उपयोग किए जाने का मामला भी सामने आया, जिन्हें तत्काल जब्त कर नष्ट किया गया।

इस कार्रवाई के माध्यम से आम जनता एवं खाद्य कारोबारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि खाद्य पदार्थों में प्रतिबंधित रंगों एवं असुरक्षित सामग्री का उपयोग किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही, जिन खाद्य कारोबारियों के पास वैध FSSAI पंजीकरण नहीं पाया गया, उन्हें नियमानुसार नोटिस जारी किए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें, प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखें तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।










