- *राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2027 की तैयारी को लेकर उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में बैठक, टाउन हॉल मैदान में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम*
- *गढ़वा के युवाओं को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में प्रतिभा प्रदर्शित करने का मिलेगा अवसर, 27 से 31 अक्टूबर तक आयोजित होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं*
**************************************
गढ़वा। आज समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू की अध्यक्षता में राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2027 के अंतर्गत *विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD)* के जिला स्तरीय कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, युवाओं के अधिकाधिक पंजीकरण एवं सहभागिता सुनिश्चित करने, आयोजन स्थल के चयन, निर्णायक मंडल के गठन तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2027 के अंतर्गत विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में किया जाना प्रस्तावित है। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता, विचारों एवं नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन करने के लिए मंच प्रदान करना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में जिला स्तर से लेकर प्रमंडल एवं राज्य स्तर तक विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
निदेशालय द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 27 से 31 अक्टूबर 2026 तक, प्रमंडल स्तरीय कार्यक्रम 3 से 6 नवंबर 2026 तक तथा राज्य स्तरीय कार्यक्रम 26 एवं 27 नवंबर 2026 को आयोजित किए जाने की योजना है। बैठक में जिला स्तरीय कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों, शिक्षण संस्थानों एवं अन्य हितधारकों के बीच समन्वय स्थापित करने पर बल दिया गया।

जिला स्तर पर मुख्य रूप से दो ट्रैक के अंतर्गत प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। पहले ट्रैक, *‘विकसित भारत चैलेंज’* के तहत MY Bharat पोर्टल पर क्विज एवं निबंध प्रतियोगिता के चरणों के बाद चयनित शीर्ष 50 प्रतिभागियों को जिला स्तर पर पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन (PPT) प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। झारखंड के लिए निर्धारित क्षेत्रीय थीम *‘सतत औद्योगीकरण एवं संसाधन आधारित विकास’ (Sustainable Industrialisation & Resource-led Growth)* है। इस विषय पर प्रतिभागी अपने विचार, नवाचार एवं विकास संबंधी सुझाव प्रस्तुत करेंगे। जिला स्तर से शीर्ष छह प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा, जिन्हें तीन-तीन सदस्यों वाली दो टीमों के रूप में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
दूसरे ट्रैक के अंतर्गत सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन *‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’* थीम पर किया जाएगा। इसके तहत लोक नृत्य, लोक गीत, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक एवं कविता लेखन जैसी विधाओं में युवाओं को अपनी कला एवं रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। प्रत्येक विधा से शीर्ष दो प्रतिभागियों अथवा टीमों का चयन उच्च स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समाज और राष्ट्र निर्माण में उनकी सकारात्मक भूमिका को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पात्रता निर्धारित करते हुए बताया गया कि 17 अगस्त 2026 को 15 से 29 वर्ष की आयु के युवा इसमें शामिल हो सकते हैं। प्रतिभागियों के लिए MY Bharat पोर्टल (mybharat.gov.in) पर पंजीकरण अनिवार्य है। प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक प्रतियोगिता में भाग ले सकेगा। वहीं, पिछले वर्ष सांस्कृतिक ट्रैक में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुके प्रतिभागी इस वर्ष उसी ट्रैक में भाग लेने के पात्र नहीं होंगे।

बैठक के दौरान जिला स्तरीय आयोजन समिति के गठन, छात्र-छात्राओं एवं युवाओं का MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करने, प्रतियोगिताओं के आयोजन, आयोजन स्थल एवं निर्णायक मंडल के निर्धारण तथा जिले के प्रत्येक शिक्षण संस्थान से नोडल शिक्षक नामित करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। उप विकास आयुक्त श्रीमती मुर्मू ने कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों एवं शिक्षण संस्थानों की सक्रिय सहभागिता तथा आपसी समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में सर्वसम्मति से टाउन हॉल मैदान को जिला स्तरीय कार्यक्रम के आयोजन स्थल के रूप में चयनित किया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजन प्रातः 8 बजे से शुरू होगा। युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी अंगीभूत, संबद्ध एवं निजी महाविद्यालयों तथा सरकारी एवं निजी उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को कार्यक्रम से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2027 के अंतर्गत आयोजित यह पहल जिले के युवाओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, नवाचार एवं विकास संबंधी विचार प्रस्तुत करने तथा सांस्कृतिक प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी। इसके माध्यम से युवाओं को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में उनकी सार्थक भागीदारी को प्रोत्साहित करने की दिशा में प्रयास किया जाएगा।
बैठक में जिला खेल पदाधिकारी दिलीप कुमार, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि, जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत के प्रतिनिधि, जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य तथा सरकारी एवं निजी उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रधानाध्यापक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।










