- RE-NEET 2026 परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न
- उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने किया तीनों परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण, व्यवस्था पर जताया संतोष
गढ़वा। RE-NEET 2026 परीक्षा जिले में शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने गढ़वा अनुमंडल क्षेत्र में बनाए गए सभी परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था एवं परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों की सुविधा, प्रवेश प्रक्रिया तथा परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। सभी केंद्रों पर व्यवस्था संतोषजनक पाई गई तथा परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष माहौल में संचालित होती मिली।
जिले में RE-NEET 2026 परीक्षा के लिए गढ़वा अनुमंडल क्षेत्र के अंतर्गत राजकीयकृत गोविन्द +2 उच्च विद्यालय, श्री सदगुरु जगजीत सिंह नामधारी कॉलेज तथा केंद्रीय विद्यालय, गढ़वा को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा परीक्षा को कदाचारमुक्त एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु आवश्यक सुरक्षा एवं निगरानी की समुचित व्यवस्था की गई थी।
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा संचालन में प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। उन्होंने अभिभावकों एवं परीक्षार्थियों के सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया।
जिला प्रशासन, गढ़वा द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता, अनुशासन एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न हो, जिससे परीक्षार्थियों को बेहतर एवं सकारात्मक परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।










