- राजकीय मध्य विद्यालय लातदाग में अव्यवस्था एवं एमडीएम संचालन में अनियमितता की शिकायत पर जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
- जांच प्रतिवेदन के आलोक में प्रभारी प्रधानाध्यापक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई, तीन कर्मियों की वार्षिक वेतन/मानदेय वृद्धि में कटौती
**************************************
गढ़वा। राजकीय मध्य विद्यालय, लातदाग, प्रखंड मेराल में विद्यालय की व्यवस्था एवं मध्याह्न भोजन (एमडीएम) संचालन से संबंधित प्राप्त शिकायत पर उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा ने त्वरित संज्ञान लेते हुए मामले की जांच कराने का निर्देश दिया।
उपायुक्त के निर्देश के आलोक में जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज द्वारा राजकीय मध्य विद्यालय लातदाग की जांच कराई गई। जांच के उपरांत प्राप्त जांच प्रतिवेदन एवं उसमें प्रतिपादित तथ्यों के आधार पर जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
जांच प्रतिवेदन के आलोक में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अमरेंद्र कुमार सिन्हा के विरुद्ध प्रपत्र ‘क’ गठित करते हुए विभागीय कार्रवाई प्रारंभ करने की कार्रवाई की गई है।
वहीं, संजय कुमार द्विवेदी एवं प्रियंका द्विवेदी, सहायक अध्यापक, तथा मंजू कुमारी, संकुल साधन सेवी के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई करते हुए असंचयात्मक प्रभाव से एक वार्षिक वेतन/मानदेय वृद्धि की कटौती की गई है।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयों में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं मध्याह्न भोजन योजना का समुचित लाभ सुनिश्चित करने के लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को गंभीरता से लिया जाएगा। प्राप्त शिकायतों की जांच कर तथ्यों के आधार पर दोषी पाए जाने वाले संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया है, ताकि विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण कायम रहे और विद्यार्थियों के हितों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके।










