- *गढ़वा जिले में 29 अक्टूबर को सभी विद्यालयों में शैक्षणिक कार्य स्थगित*
- *उपायुक्त के निर्देश पर चक्रवात ‘अर्णब’ एवं भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर जिला शिक्षा पदाधिकारी का आदेश जारी*
**************************************
गढ़वा। भारत मौसम विज्ञान विभाग, राँची केंद्र द्वारा झारखंड के विभिन्न जिलों में चक्रवात ‘अर्णब’ (Cyclone Arnab) एवं भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर गढ़वा जिले में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है।
उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, *दिनांक 29 अक्टूबर 2026 को गढ़वा जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी, प्रारंभिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों तथा निजी विद्यालयों में पठन-पाठन का कार्य स्थगित रहेगा।*
यह निर्णय आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत लिया गया है, ताकि खराब मौसम की संभावित स्थिति में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि उक्त तिथि को विद्यालयों में पठन-पाठन कार्य स्थगित रहने के बावजूद सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे तथा गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने संबंधित सभी विद्यालयों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से भी सतर्क रहने की अपील की जाती है।










