- *मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 की प्रगति की हुई समीक्षा*
- *जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में ऑनलाइन बैठक आयोजित*
- *22 अक्टूबर तक प्रत्येक मतदान केंद्र पर फॉर्म-6 के डिजिटाइजेशन का निर्धारित लक्ष्य पूरा करने का निर्देश*
**************************************
गढ़वा। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत जिले में संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा को लेकर बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाताओं से संबंधित सुनवाई एवं सत्यापन कार्यों के साथ-साथ मतदान केंद्रवार प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में 80-गढ़वा एवं 81-भवनाथपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, गढ़वा एवं श्री बंशीधर नगर, सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तथा बीएलओ सुपरवाइजर ने ऑनलाइन माध्यम से भाग लिया। संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की अद्यतन कार्य प्रगति एवं प्रतिवेदन के साथ बैठक में शामिल होने का निर्देश दिया गया था। सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अपने-अपने प्रशासनिक क्षेत्रों के बीएलओ सुपरवाइजर के साथ कार्यालय से बैठक में शामिल हुए।
- *22 अक्टूबर तक फॉर्म-6 के डिजिटाइजेशन का लक्ष्य पूरा करने का निर्देश*
समीक्षा के दौरान फॉर्म-6 के डिजिटाइजेशन कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत 22 अक्टूबर 2026 तक फॉर्म-6 के 20 प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का लक्ष्य निर्धारित किया गया। सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने तथा नियमित रूप से प्रगति की निगरानी करने का निर्देश दिया गया।
- *मतदान केंद्र संख्या 372 एवं 373 पर फॉर्म-6 की संख्या बढ़ाने पर जोर*
बैठक में मतदान केंद्र संख्या 372 एवं 373 पर फॉर्म-6 की संख्या 10 से कम पाए जाने के मद्देनजर संबंधित कर्मियों को इस दिशा में विशेष ध्यान देने तथा फॉर्म-6 की संख्या बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत निर्धारित कार्यों को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ पूरा करने पर बल दिया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री पशुपति नाथ मिश्रा ने कार्यक्रम के अंतर्गत सुनवाई, सत्यापन एवं डिजिटाइजेशन कार्यों की नियमित समीक्षा और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों में अपेक्षित प्रगति प्राप्त की जा सके।










