जमुआ (गिरिडीह) : जमुआ पूर्वी क्षेत्र के मलीडीह पीडब्लूडी पथ से जंगरीडीह वाया झलकडीहा तक बनने वाली सड़क के निर्माण में जंगरीडीह के ग्रामीणों ने अनियमितता का आरोप लगाया है। इसको लेकर ग्रामीणों ने रविवार को रोष वक्त किया।
ग्रामीण पवन कुमार वर्मा, पिन्टु कुमार वर्मा, सुनिल कुमार वर्मा ने बताया कि आजादी के बाद पहली बार 3.20 किमी लम्बी सड़क का निर्माण कार्य होने जा रहा है। सड़क निर्माण से ग्रामीणों में आस जगी थी कि अब ग्रामीणों को कोई कठिनाई नहीं होगी, लेकिन संवेदक की लापरवाही के कारण नहीं लगता है कि सड़क काफ़ी दिनों तक टिक पाएगी।
उन्होंने बताया कि पीसीसी निर्माण में मिट्टी युक्त बालू व सफेद बोल्डर का इस्तेमाल किया जा रहा है। सड़क में मेटल डाले बगैर ही पीसीसी निर्माण कर दिया जा रहा है। इस सड़क से होकर रोजाना सैकड़ों वाहन की आवाजाही होती है। अगर सड़क को बेहतर तरीके से नहीं बनाया गया तो पहले सावन में ही रोड़ बदहाल हो जाएगी।









