रांची : यात्रियों के लिए एक बडी खुशखबरी है। ट्रेन से रांची और गिरिडीह आने-जाने का सपना साकार होने वाला है। आगामी 17 अप्रैल से रांची से न्यू गिरिडीह के लिए नई इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन चलेगी। 13 कोचों की यह नई ट्रेन सुबह 6ः10 में रांची से खुलेगी और 13ः10 में न्यू गिरिडीह स्टेशन पहुंचेगी। कुल सात घंटे की यात्रा में यह ट्रेन टाटीसिलवे, बरकाकाना, हजारीबाग टाउन, कोडरमा, धनवार होते हुए न्यू गिरिडीह जाएगी।
सभी जनप्रतिनिधियों का जताया आभार
रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक (कोचिंग) विवेक कुमार सिन्हा के हस्ताक्षर से इससे संबंधित सर्कुलर जारी किया गया है। डीआरयूसीसी सदस्य अरुण जोशी ने नयी ट्रेन चलाने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, सांसद अन्नपूर्णा देवी और सांसद समीर उरांव के प्रति आभार प्रकट किया है।
17 अप्रैल को उद्घाटन
रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक (कोचिंग) विवेक कुमार सिन्हा ने इस संबंध में 11 अप्रैल को पत्र जारी किया है। उन्होंने कहा है कि नई ट्रेन रांची से न्यू गिरिडीह के लिए हर दिन अप-डाउन करेगी। इसका उद्घाटन 17 अप्रैल को किया जाएगा। उन्होंने इसके लिए जोरशोर से प्रचार करने का निर्देश दिया है। इस संबंध में हजारीबाग के सीटीआई वेद प्रकाश मिश्र ने बताया कि रेलवे बोर्ड की साइट पर पत्र जारी हुआ है। संयुक्त निदेशक ने कहा है कि रेलवे मंत्रालय ने नई ट्रेन के लिए स्वीकृति दे दी है।
ट्रेन में है एक विस्टाडोम कोच
बताते चलें कि 13 कोच वाली इस ट्रेन में एक विस्टाडोम कोच भी होगा। इस कोच में कांच की बड़ी-बड़ी खिड़कियों के अलावा पारदर्शी छत होगी। इससे यात्री ट्रेन से बाहर की वादियों का खूबसूरत नजारा देख सकेंगे। बताते चलें कि कोडरमा-बरकाकाना-रांची रेललाइन के निर्माण के बाद पहली बार लंबी दूरी की ट्रेन इस रेलखंड पर चलेगी।