मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के किन्नर समुदायों को एक बड़ा तोहफा दिया है. आपको बता दें, नाचने गाने और बधाई देने का पेशा करने वाले किन्नर समुदाय को झारखंड सरकार ने कैबिनेट में प्रस्ताव लाकर ओबीसी का दर्जा दे दिया है. कैबिनेट ने किन्नर समुदाय को ओबीसी का दर्जा देने के अलावे हर महीने 1000 रुपए पेंशन देने का फैसला भी किया है. इधर, राज्य सरकार के इस निर्णय का किन्नर समुदायों के पढ़े-लिखे लोगों ने हार्दिक स्वागत किया है. साथ ही उन्होंने सरकार से किन्नर वेलफेयर बोर्ड बनाने की मांग भी दोहराई है.
अभी एक कदम बढ़े हैं – सीएम
झारखंड के किन्नर समुदायों को ओबीसी लिस्ट में शामिल किए जाने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि ‘अभी एक कदम बढ़े हैं जिनके बारे में कोई सोचता भी नहीं था. उन लोगों तक पहुंचने का और मार्ग प्रसस्त करने का सरकार ने फैसला लिया है. उन्होंने कहा कि बात यहीं तक खत्म नहीं होगी. आज का यह निर्णय और इसका परिणाम सरकार द्वारा बहुत दूर तक ले जाने का प्रयास है. ताकि राज्य के हर नागरिक को समान अधिकार और समान सम्मान मिलें.’ उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ इसी पर नहीं बल्कि इस राज्य के जनभावना और जनमानस के भावनाओं के अनुरूप अपने निर्णय के साथ आगे बढ़ रही है.’










