रांची : राजधानी रांची में शुक्रवार को दोपहर में आंधी के साथ हुई बारिश की वजह से हिनू के पास एक विशाल पेड़ उखड़कर कार पर गिर गया। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि कार चला रहे व्यक्ति बाल-बाल बच गए। सड़क पर पेड़ गिरने के बाद आवागमन बाधित हो गया। सड़क से पेड़ को हटाने के लिए रांची नगर निगम को सूचना दी गयी, मौके पर पहुंचे निगम कर्मी ने पेड़ को काटकर सड़क पर से हटाया। जिसके बाद फिर से आवागन बहाल हो गया।
बारिश से लोगों को मिली राहत
मामला दिन के करीब पौने 1 बजे के आसपास का है। जब आसमान में काले बादल घिर गये उसी समय तेज हवाएं चलने लगीं। थोड़ी ही देर में बूंदाबांदी शुरू हो गयी। लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन सड़क पर पेड़ गिरने की वजह से हिनू इलाके से होकर आने-जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। ट्रैफिक व्यवस्था गड़बड़ा गयी। लेकिन बाद में निगम कर्मियों की मदद से अवागमन फिर से बहाल हो गया।
कुछ घंटों में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा तथा वज्रपात का अलर्ट जारी
मौसम विभाग की ओर से पहले ही रांची में आंधी, बारिश की चेतावनी जारी की गयी थी। विभाग ने बोकारो, गिरिडीह, खूंटी, कोडरमा, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में भी अगले कुछ घंटों में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा तथा वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में जहां भी वर्षा होगी, वहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पूर्वी सिंहभूम में 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।









