जमशेदपुर : जिले में दो समूहों के बीच हुए पथराव के बाद प्रशासन ने इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया है। क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार इस हिंसक घटना में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल भी हुए हैं। हालांकि क्षेत्र में आरएएफ और पुलिस बलों की तैनाती कर दी गई है। क्षेत्र में माहौल अभी शांत है, लेकिन में भय का माहौल बना हुआ है।
नियंत्रण में स्थिति- एसएसपी
जमशेदपुर के एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। जो लोग इकट्ठा हुए थे उन्हें घर भेज दिया गया है। पूरे इलाके में फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस गश्त कर रही है। बाहर से फोर्स बुलाई गई है। आरएएफ की एक कंपनी तैनात है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।
उपद्रवियों ने जमकर किया पथराव
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर के शास्त्रीनगर में धार्मिक झंडे के कथित अपमान के आरोपों को लेकर बवाल बढ़ गया और दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। उपद्रवियों ने जमकर पथराव किया और दुकानों में आगजनी की। वाहनों में भी तोड़फोड़ और आगजनी की घटना हुई है। उन्मादी भीड़ के हमले में कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। हिंसक घटना जब पुलिस से नहीं रूकी तो आरएएफ को लगाया गया है। क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं। क्षेत्र में धारा 144 लागू है।
दोनों ओर से चले ईंट पत्थर
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में शनिवार रात से ही तनाव व्याप्त था। एक स्थानीय संगठन के सदस्यों ने रामनवमी के झंडे पर मांस का टुकड़ा होने का आरोप लगाया। इसके बाद रविवार को सुबह दोनों पक्षों के बीच तनाव पैदा हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया। लेकिन देर शाम जब एक पक्ष के लोग बैठक कर रहे थे उसी समय दूसरे पक्ष के लोगों ने पथराव कर दिया। इसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई और दोनों ओर से ईंट पत्थर चलने लगे।
कई दुकानों और वाहनों को किया आग के हवाले
उपद्रवियों ने कई दुकानों और वाहनों को तोड़फोड़ करने के बाद आग के हवाले कर दिया। इस घटना में कई पुलिसकर्मी और लोग घायल हुए है। पुलिस ने उग्र भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। इसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। आरएएफ ने भी मोर्चा संभाल लिया है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाये रखने की अपील की है।