- औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भंडरिया में प्रधानमंत्री अप्रेंटिसशिप मेला-सह-भर्ती कैंप का आयोजन
- 100 से अधिक अभ्यर्थियों ने लिया भाग, 15 युवाओं को मिला रोजगार; 17 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्टेड
**************************************
गढ़वा। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), भंडरिया में बुधवार, 16 सितंबर 2026 को प्रधानमंत्री अप्रेंटिसशिप मेला-सह-भर्ती कैंप का आयोजन किया गया। इस भर्ती कैंप में क्षेत्र के बेरोजगार युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

आयोजित भर्ती कैंप में एल एंड टी, न्यू चेक सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, अपोजिट ट्रेनिंग सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड तथा जेआरएस टेक्नोलॉजी भंडरिया कौशल केंद्र सहित कुल चार नियोक्ता कंपनियों ने भाग लिया। इन कंपनियों द्वारा अभ्यर्थियों के लिए विभिन्न प्रकार की तकनीकी एवं गैर-तकनीकी रिक्तियों की जानकारी एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।
भर्ती कैंप में 100 से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। चयन प्रक्रिया के उपरांत 15 बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार का अवसर प्राप्त हुआ, जबकि 17 अभ्यर्थियों को विभिन्न पदों के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर मिलने से अभ्यर्थियों में काफी उत्साह देखा गया।

प्रधानमंत्री अप्रेंटिसशिप मेला-सह-भर्ती कैंप का उद्घाटन जिला नियोजन पदाधिकारी पंकज कुमार गिरि ने किया। उन्होंने युवाओं को रोजगार एवं कौशल विकास के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया तथा इस प्रकार के आयोजनों को युवाओं के लिए उपयोगी बताया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में वीरेंद्र माझी, करण कुमार, नवनीत कुमार सहित अन्य कर्मियों का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय सहयोग रहा। आयोजकों ने कहा कि ऐसे भर्ती कैंपों के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करने का मंच मिलता है।










