ED के समन के खिलाफ झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सुप्रीम कोर्ट पहुंचे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ईडी के समन को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है. हेमंत सोरेन को कल ED के रांची दफ्तर में पूछताछ के लिए पेश होना था, लेकिन वह वहां नहीं गए और उन्होंने सीएमओ के एक कर्मी के माध्यम से ईडी को पत्र भेजकर जानकारी दी कि उन्होंने ईडी के अधिकार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में रिट पिटीशन दायर किया है.
14 अगस्त को भी ईडी ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया था
जानकारी के अनुसार ईडी ने 24 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को उनकी व उनके परिवार की संपत्तियों के बारे में पूछताछ करने के लिए दफ्तर बुलाया था. इससे पहले 14 अगस्त को भी ईडी ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया था. तब उन्होंने ईडी के समन की वैधानिकता को चुनौती दी थी. ईडी को जवाब देते हुए पत्र में उन्होंने कहा था कि, राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता की वजह से उन्हें परेशान किया जा रहा है. सीएम हेमंत सोरेन ने चेतावनी दी थी कि अगर ईडी ने समन वापस नहीं लिया तो वह कानूनी मोर्चे पर आगे बढ़ेंगे.
केंद्र के इशारे पर काम करने का लगाया आरोप
मुख्यमंत्री ने ईडी को भेजे पत्र में आरोप लगाया है कि वह केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रही है। समन भेजकर ईडी राज्य में लोकतांत्रिक रूप से चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने की साजिश रच रही है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, ईडी जानबूझकर उन्हें समन कर रही है, ताकि न सिर्फ उनकी, बल्कि झारखंड राज्य व यहां के लोगों की प्रतिष्ठा को धूमिल कर सकें।










