देहरादून : देश के कई राज्यों में मानसून सक्रिय हो गया है। दिल्ली, यूपी से लेकर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड तक जमकर बारिश हो रही है। बारिश के कारण मैदानी इलाकों में पानी भर गया है। वहीं, पहाड़ दरक रहे हैं।
बारिश का असर उत्तराखंड में चार धाम यात्रा पर भी देखने को मिल रहा है। केदार घाटी में सुबह से हो रही बारिश के चलते शुक्रवार को केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है। वहीं भारी बारिश के चलते श्रद्धालुओं की संख्या में भी कमी आई है।
सुबह से हो रही भारी बारिश
दरअसल, केदारनाथ सहित केदार घाटी में सुबह से ही बारिश हो रही है जिससे पैदल मार्ग पर बोल्डर गिरने का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से आज केदारनाथ यात्रा को रोका गया है। मौसम साफ होने के बाद ही दोबारा केदारनाथ यात्रा शुरू की जाएगी। बता दें, उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के चलते लैंडस्लाइड की खबरें भी सामने आ चुकी हैं।
भारी बारिश के चलते लैंडस्लाइड की खबर
गुरुवार को चमोली में भारी बारिश के चलते लैंडस्लाइड की खबर आई थी। इसके चलते बद्रीनाथ नेशनल हाईवे ब्लॉक हो गया था जिसे 17 घंटे बाद शुक्रवार को दोबारा खोला जा सका। लैंडस्लाइड के चलते हाईवे ब्लॉक हो जाने के कारण सैकड़ों यात्रियों को अपनी गाड़ियों में ही रात बितानी पड़ी।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भी जोरदार बारिश हुई है। पांच दिनों में प्रदेश के छह जिलों में सामान्य से 40 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। दिल्ली में भी अगले एक हफ्ते तक लगातार बारिश होगी।









