रांची. आज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची के कुलपति डॉ. तपन कुमार शांडिल्य ने कुलपति सभागार में कंप्यूटर की पुस्तक Futuristic trends in computing Technologies and Data Sciences पुस्तक का विमोचन किया। इस पुस्तक के विभिन्न अध्यायों के लेखन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची के CA एंड आईटी विभाग के डॉ. राहुल देव साह, परीक्षा नियंत्रक डॉ. आशीष गुप्ता, डॉ. आई एन साहू , डॉ. राजेंद्र कुमार महतो, डॉ. सैयद जाफर अब्बास, डॉ. अमित आलोक हेरेंज और अंचल कुमारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
आईआईपी प्रोसीडिंग्स के तहत प्रकाशित इस पुस्तक में कंप्यूटर की नई तकनीकों और उससे संबंधित तथ्यों की विस्तारपूर्वक चर्चा की गई है। पुस्तक का विमोचन करते हुए कुलपति डॉ. तपन कुमार शांडिल्य ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के कंप्यूटर, परीक्षा और आईटी विभाग के शिक्षकों का इस उच्च स्तरीय तकनीकी पुस्तक के प्रकाशन में अपने लेखों के माध्यम से योगदान देना न सिर्फ प्रशंसनीय है अपितु विद्यार्थियों के हित में है। आज तकनीक के इस बदलते युग में आवश्यकता इस बात की है कि विद्यार्थियों को इस नए बदलते प्रारूप से अवगत कराया जाए।
उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुस्तक उन सभी समस्याओं का निराकरण करेंगी। कुलपति डॉ. तपन कुमार शांडिल्य और कुलसचिव डॉ. नमिता सिंह ने इस अवसर पर इन सभी शिक्षकों को बधाई दी और इस कार्य को आगे बढ़ाते हुए जारी रखने को कहा। इस अवसर पर वित्त पदाधिकारी डॉ. आनंद कुमार मिश्रा सहित इस पुस्तक में योगदान देने वाले सभी शिक्षक मौजूद थे। यह जानकारी पीआरओ प्रो राजेश कुमार सिंह ने दी।









