कोडरमा : एक दिवसीय दौरे पर आए राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने सदर अस्पताल के स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। साथ ही परियोजना बालिका उच्च विद्यालय में कल्याण विभाग के द्वारा बनाए जाने वाले ट्रेनिंग सेंटर का भी शिलान्यास किया।
कोडरमा में स्वास्थ्य, शिक्षा में बेहतर विकास को लेकर राज्यपाल ने जिला प्रशासन का आभार जताया। जिसके बाद राज्यपाल मरकच्चो के स्वालंबी गांव अरकोशा पहुंचकर गांव के लोगों के साथ सीधा संवाद कार्यक्रम में शिरकत किए।
इस दौरान गांव के लोगों ने पारंपरिक तरीके से राज्यपाल का स्वागत किया। कई लोगों ने राज्यपाल से अपनी गांव की समस्या के बारे में अवगत कराए। वहीं धरगाव निवासी श्यामसुंदर यादव ने तमिल भाषा में राज्यपाल से सीधा संवाद माध्यम से बात कर सुदूरवर्ती क्षेत्र लक्ष्मीपुर में बेहतर स्वास्थ्य को लेकर अस्पताल की मांग की। तमिल भाषा सुनकर राज्यपाल भी खुश नजर आए। इस दौरान राज्यपाल ने कहा कि गांव में होने वाली परेशानी को मैं समझता हूं। आपका गांव बहुत ही सुंदर व स्वच्छ है। गांव के लोग मिलकर गांव की दशा बदलने में जो मेहनत की है वह काबिले तारीफ है। गांव के लोग एक साथ मिलकर काम करेंगे तो गांव का विकास होगा।










