पुरुलिया/रांची : कुड़मी समाज 20 सितंबर को तीन राज्य में एक साथ रेल रोको आंदोलन करेगा। आदिवासी कुड़मी समाज के प्रमुख नेता अजीत प्रसाद महतो ने कहा कि इस बार का आंदोलन बंगाल, झारखंड व ओडिशा में एक साथ होगा।
टीएमसी का समर्थन नहीं
तृणमूल कांग्रेस के पुरुलिया जिला अध्यक्ष सौमेन बेलथरिया ने कहा कि आदिवासी कुड़मी समाज आम जनता को परेशानी में डालकर यह आंदोलन करने जा रहा है इसलिए तृणमूल कांग्रेस इस आंदोलन का समर्थन नहीं करेगा। तृणमूल कांग्रेस का कोई भी कार्यकर्ता इस आंदोलन में शामिल नहीं होगा.
कुड़मी समाज ने जनता से मांग ली माफी
अजीत महतो ने कहा कि आंदोलन का तृणमूल कांग्रेस समर्थन करेगा या नहीं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ेगा, यह हमें भी मालूम है। इसीलिए संगठन की ओर से पहले ही जनता से माफी मांगी गई है।
ज्ञात हो कि 20 सितंबर का रेल रोको आंदोलन झारखंड के मनोहरपुर, नीमडीह, गोमो व मुरी, बंगाल के कुस्तौर व खेमाशुली और ओडिशा के बारीपदा व रायरंगपुर स्टेशन पर होगा। गौरतलब है कि इससे पहले कुड़मी समाज 20 सितंबर, 2022 व पांच अप्रैल, 2023 को पांच दिवसीय रेल रोको आंदोलन कर चुका है।










