रांची : यश मॉडलिंग एजेंसी के संचालक तनवीर अख्तर पर लव जिहाद का आरोप लगाने वाली मॉडल मानवी को पुलिस ने मुंबई से रांची लाया। इसके बाद गोंदा थाना की पुलिस ने सदर अस्पताल में उसका मेडिकल टेस्ट कराया। पत्रकारों के सवाल पर मॉडल मानवी ने कहा कि मैं इंसाफ के लिए रांची आई हूं ताकि मुझे न्याय मिल सके। उसने कहा कि तनवीर ने धर्म परिवर्तन का दबाव डालता था। उसने मेरे साथ रेप किया। तनवीर ने धोखे से उसके कुछ फोटो और वीडियो बना लिए थे। जिसकी मदद से उसे ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रहा था।
गोंदा थाना में दर्ज कराया बयान
आपको याद होगा बीते दिन झारखंड में लव जिहाद का मामला सामने आया था। मुंबई में रहने वाली एक मॉडल ने रांची में मॉडलिंग की कोचिंग चलाने वाले तनवीर अख्तर पर लव जिहाद का आरोप लगाया था। मामले की जांच के क्रम में बुधवार को मॉडल मानवी पहले गोंदा थाना पहुंची। जहां उसने पुलिस को कई जानकारी दी।
मॉडल ने तनवीर पर धर्म परिवर्तन का दबाव डालने का आरोप
रांची के गोंदा थाना में पुलिस और मजिस्ट्रेट के समक्ष बिहार के भागलपुर की रहने वाली मॉडल मानवी ने बयान दर्ज करवाया, जहां कई खुलासे भी किये। पीड़िता ने बताया कि तनवीर उसपर लगातार धर्म परिवर्तन का दबाव डाल रहा था। उसने बताया कि तनवीर ने धोखे से उसके कुछ फोटो और वीडियो बना लिए थे। जिसकी मदद से उसे ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रहा था।
बिजनेस में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी का दे रहा था लालच
मॉडल मानवी का कहना है कि तनवीर उसे धर्मांतरण के एवज में अपने बिजनेस में से 50 प्रतिशत हिस्सेदारी भी देने का लालच दे रहा था। लेकिन अपना धर्म छोड़कर दूसरे धर्म को अपनाने से उसने साफ मना कर दिया था। उसने बताया कि अब तनवीर से उसकी और उसके परिवार की जान को खतरा है। इस कारण से विवश होकर उसे पुलिस की सहायता लेनी पड़ रही है। मानवी ने गोंदा थाना में पुलिस के समक्ष आईपीसी की धारा 161 के तहत अपना बयान दर्ज कराया है। वहीं गुरुवार को कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराएगी।










