बुलढाणा : महाराष्ट्र के बुलढाणा में हुए भीषण हादसे में 25 लोगों की हुई मौत पर राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शोक जताया है। उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं। इस बीच खबर ये आ रही है कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपने आवास से रवाना हो गए हैं। वे आज बुलढाणा में दुर्घटनास्थल का निरीक्षण करेंगे और अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात करेंगे।
25 लोगों की दर्दनाक मौत
बताया जाता है कि टायर फटने से बस में आग लग गई। जिसके बाद 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। ये हादसा देर रात करीब 1ः30 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक बस एक शादी के लिए जा रही थी। बस में 33 लोग सवार थे। बारिश के कारण बस स्लिप हो गई और इसका डीजल टैंक फट गया। इसके कारण बस में आग लग गई।
समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेसवे पर अबतक का बड़ा हादसा
घायलों को अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेसवे पर ये अब तक का यह सबसे बड़ा हादसा बताया जा रहा है। हादसे में शव इतनी बुरी तरह से जल गए हैं कि उनकी पहचान कर पाना भी मुश्किल हो रहा है। देर रात जिस समय ये हादसा हुआ, उस वक्त बस में सवार सभी लोग सो रहे थे। नींद में होने के कारण वे घटना के वक्त बस से बाहर नहीं निकल पाए और आग में झुलस गए।
गृह मंत्री अमित शाह ने व्याक्त की संवेदनाएं
महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में हुए हादसे को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने भी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने लिखा, महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में हुआ सड़क हादसा हृदयविदारक है। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के साथ है। प्रशासन द्वारा घायलों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
ड्राइवर और कंडक्टनर हिरासत में
इस मामले में महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन का कहना है कि बस में कुल 33 यात्री सवार थे जिसमें से 25 यात्रियों की मृत्यु जलने से हो गई। शवों के जलने की वजह से मृतकों की पहचान करने में मुश्किलें आ रही हैं। हम दुर्घटना की जांच कर रहे हैं। चालक और कंडक्टर दोनों ही सुरक्षित हैं और उनको हिरासत में ले लिया गया है।










