रांची. एक मॉडल ने रांची के यश मॉडलिंग इस्टीट्यूट के मालिक तनवीर अख्तर खान पर धर्म परिवर्तन कराने और जबरन शादी करने का दबाव का आरोप लगाया है। इसको लेकर मॉडल ने मुंबई में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। मामले से जुड़े मॉडल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में रांची के बुंडू थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मॉडल मुंबई में है और वह बिहार के भागलपुर की रहने वाली है।
मॉडल ने वीडियो में कहा है कि वह यश मॉडल संस्थान में मॉडलिंग किया करती थी। करीब डेढ़ साल काम के दौरान यश मॉडल के संचालक ने न सिर्फ उसे प्रताड़ित किया, बल्कि उस पर शादी करने का दबाव भी बनाया. संस्थान छोड़ने के बाद वह सीधे भागलपुर गई। वहां पर कुछ दिन रहने के बाद वह मुंबई मॉडलिंग के जरिये करियर बनाने के लिए चली गई।
मुंबई के वर्सोवा में वह रहने लगी। लेकिन तनवीर द्वारा उसे प्रताड़ित करने का सिलसिला जारी रहा। महिला मॉडल का आरोप है कि उसे प्रताड़ित करने के लिए तनवीर मुंबई तक पहुंच गया और वहां उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव डालने लगा, तनवीर ने उससे धर्म बदलकर उससे शादी करने का दबाव भी बनाया। इनकार करने पर उसने जान से मारने की कोशिश भी की, जिसकी शिकायत उसने वर्सोवा पुलिस स्टेशन में भी की है।









