गिरिडीह : गिरिडीह जिले में सरकारी शराब दुकान खुलेआम मनमानी की जा रही है। यहां निर्धारित राशि से अधिक की वसूली ग्राहकों से हो रही है। इसकी शिकायत भी लगातार प्रशासन को मिल रही है। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है। गिरिडीह उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा के निर्देश पर शहर व शहर से सटे इलाकों में संचालित शराब दुकानों में छापेमारी की गई। इस दौरान 4 लोगों को पकड़ा गया।
बताया गया कि लगातार मिल रही शिकायतों पर डीसी सख्त हुए। गुरुवार की शाम को योजना बनाई गई। एक-एक करके कई दुकानों में प्रशासन द्वारा ही ग्राहक भेजा गया। प्रशासन के द्वारा भेजे गए ग्राहकों ने शराब की बोतल खरीदी। जहां भी अधिक दाम लिया गया वहां अधिकारी आ धमके। सदर एसडीएम विशालदीप खालको की अगुवाई में मंगलम मॉल, शाहाबादी मार्केट, बस स्टैंड और पपरवाटांड में छापा मारा गया और यहां से सेल्समैन को गिरफ्तार किया गया।
इस कार्रवाई को लेकर सदर एसडीएम ने कहा कि निर्धारित दर से अधिक राशि लेने की शिकायत पर कार्रवाई हुई। चार वाइन शॉप में शिकायत सही पाया गया है। इस मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई में सदर एसडीएम की टीम में सदर अंचल अधिकारी रवि भूषण प्रसाद, नगर थाना प्रभारी आरएन चौधरी और उत्पाद विभाग की टीम शामिल है।










