इंफाल : मणिपुर में एक बार फिर शांति की कोशिशों को बड़ा झटका लगा है। मिली जानकारी के अनुसार, मणिपुर के इंफाल ईस्ट जिले के खमेनलोक इलाके में हुई ताजा हिंसा में 9 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, इस हिंसा में कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
शरारती तत्वों ने खमेनलोक गांव के कई घरों में लगाई आग
एक रिपोर्ट के अनुसार, उग्रवादियों की ओर से 13 जून को अचानक की गई गोलीबारी में 9 लोगों की मौत हो गई और करीब 9 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि इस दौरान शरारती तत्वों ने खमेनलोक गांव के कई घरों में भी आग लगा दी। तामेंगलोंग जिले के गोबाजंग में भी कई लोगों के घायल होने की खबर है।
मरने वाले 9 लोगों में एक महिला भी शामिल
इंफाल ईस्ट के पुलिस आयुक्त शिवकांत सिंह ने बताया कि खमेनलोक इलाके में भड़की ताजा हिंसा में 9 लोगों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हुए हैं। पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। हिंसा में मरने वाले लोगों में से कई के शरीर पर चोट के निशान और गोलियों के जख्म पाए गए हैं। मणिपुर में हुई ताजा हिंसा राज्य में शांति के प्रयासों को एक बड़ा झटका लगा है। एक महीने से ज्यादा समय से हिंसाग्रस्त मणिपुर में लगातार शांति की कोशिशें की जा रही हैं।










