रांची: पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप को एनआईए की विशेष अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मंगलवार को हुई पेशी के दौरान एनआईए की ओर से रिमांड की मांग नहीं की गई। जिसके बाद कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इससे पहले एनआईए को 8 दिनों का रिमांड मिला था। पूछताछ में दिनेश गोप ने कई खुलासे किए हैं। बता दें कि पीएलएफआई सुप्रीमो को बीते दिनों 21 मई को दिल्ली से गिरफ्तार कर रांची लाया गया था। और 22 मई को एनआईए की विशेष अदालत में पेश किया गया था।
बता दें कि दिनेश गोप को कोर्ट में पेश करने से पहले एनआईए कोर्ट के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। कोतवाली थाना के इंचार्ज और डीएसपी लेवल के अधिकारी अपने जवानों के साथ सुरक्षा में तैनात रहे। बताया जाता है कि एनआईए की पूछताछ के दौरान दिनेश गोप ने कई राज उगले। दिनेश गोप ने कई जगह पर हथियार डंप होने की बात बताई है। एनआईए उसे लेकर खूंटी, गुमला और सिमडेगा गई थी, जहां उस जगह की पहचान करवाई गई। गौरतलब है कि दिनेश गोप को नेपाल से गिरफ्तार किया गया था। उसके बाद उसे 22 मई को कोर्ट में पेश किया गया था।









