रविवार की देर शाम को गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी के बेरमो स्थित मकोली आवास औऱ कार्यालय की जांच की गयी। पुलिस यह जांच कर रही थी कि चुनाव को प्रभावित करने वाली कोई आपत्तिजनक सामग्री यहां मौजूद तो नहीं।
नहीं मिला कुछ आपत्तिजनक
पुलिस को छानबीन के दौरान यहां से कुछ आपत्तिजनक नहीं मिला। पुलिस वापस लौट गयी। इस मामले को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी भी देखी गयी सांसद प्रतिनिधि दीपक महतो ने इसे राजनीतिक से प्रेरित बताते हुए कहा, हमें परेशान किया जा रहा है। I.N.D.I.A गठबंधन के नेताओं के यहां भी जांच होनी चाहिए। गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि एनडीए के लोगों को डराया-धमकाया जा रहा है। एक तरफा कार्रवाई हो रही है. यह उपचुनाव निष्पक्ष होना चाहिए। हम इसे लेकर चुनाव आयोग से लिखित शिकायत करने की तैयारी में है।
पूरे इलाके की जांच की
सांसद के घर में अचानक हुई इस तलाशी को लेकर सांसद प्रतिनिधि दीपक महतो ने बताया कि अचानक 20 की संख्या में पुलिस गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी के बेरमो आवास पर पहुंच गयी। पूरे इलाके की जांच की। सांसद के घर कई लोग मौजूद थे उनसे आईडी कार्ड मांगा और पूछताछ भी की। इस मामले को लेकर बेरमो थाना प्रभारी अशोक कुमार ने कहा, डुमरी उपचुनाव को लेकर संदेह के आधार पर सभी जगह जांच पड़ताल हो रही है। इसी क्रम में सांसद आवास की भी जांच हुई है। यह रूटीन जांच थी।










