रांची : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 24 मई को तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर आ रही है। इसको लेकर तैयारियां लगभग पूरी हो गई है। वहीं शहर में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के अलर्ट पर हैं। बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का झारखंड दौरा दूसरी बार है। इससे पहले द्रौपदी मुर्मू खूंटी गईं थीं। जहां भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस पर उलिहातू में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुईं थीं।
राजधानी के इन इलाकों में अस्थायी रूप से रेड जोन घोषित
जिला एसएसपी की ओर से ड्रोन नियम 2021 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए कार्यक्रम स्थल के दो किलोमीटर की परिधि क्षेत्र इसके अलावे धुर्वा स्थित झारखंड के नव निर्मित उच्च न्यायालय बिल्डिंग से 02 किमी और जे.यू.टी. (आईआईआईटी) नामकुम से 02 किलोमीटर की परिधि क्षेत्र पर अस्थायी रूप से रेड जोन घोषित किया गया है। वहीं बिना अनुमति के पूर्व रेड जोन में ड्रोन का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा यानी रेड जोन में किसी भी तरह के कोई व्यक्ति सक्षम पदाधिकारी के बिना पूर्व अनुमति ड्रोन का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। उग्रवादी और आतंकी गतिविधि को देखते हुए विशेष सुरक्षा के दृष्टिकोण से जिला पुलिस और प्रशासन द्वारा राष्ट्रपति के सभी कार्यक्रम स्थलों (स्थानों) को रेड जोन घोषित किया गया है।
झारखंड हाईकोर्ट के नए भवन का करेंगी उद्घाटन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति बनने के बाद दूसरी बार झारखंड आ रही है। राष्ट्रपति 24 मई को झारखंड पहुंचेंगी। यहां पहुंचने के बाद 24 मई को ही सबसे पहले वे देवघर एयरपोर्ट पर उतरकर बाबा बैद्यनाथ के दर्शन को मंदिर जाएंगी। मंदिर में बाबा बैद्यनाथ का दर्शन के बाद उसी दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देवघर से रांची एयरपोर्ट पहुंचेगी। रांची में झारखंड के नवनिर्मित हाईकोर्ट भवन का राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू झारखंड आगमन के ही दिन उद्घाटन करेंगी। उसके बाद 25 मई को नामकुम में निर्मित ट्रिपल आईटी के कन्वोकेशन में शामिल होंगी।
सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ और कानून मंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना
बताया जाता है कि इस कार्यक्रम में भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति डीवाई चंद्रचूड़ और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के भी शामिल होने की उम्मीद है। रांची के जगरनाथपुर स्थित हाईकोर्ट की नई बिल्डिंग 72 एकड़ में फैली हुई है। यह सुप्रीम कोर्ट से लगभग साढ़े तीन गुना बड़ा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस सिलसिले में रविवार को झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संजय कुमार मिश्रा से मुलाकात की और उन्हें उदघाटन समारोह में आमंत्रित किया है।
3 जिले में राष्ट्रपति के दौरे को लेकर अलर्ट
इधर, राष्ट्रपति के दौरे को लेकर देवघर, खूंटी और रांची यानी तीनों जिले के प्रशासन तैयारी शुरू कर दी है। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर रांची एयरपोर्ट भी पूरी तरह तैयार हैं। राष्ट्रपति अपने विशेष विमान से सबसे पहले देवघर एयरपोर्ट पर उतरेगी फिर वहां से 24 मई को ही रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगी, राष्ट्रपति के आगमन को लेकर एयरपोर्ट प्रबंधन भी तैयारी में लग गया है।
खूंटी में महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगी राष्ट्रपति
बता दें, 25 मई को राष्ट्रपति हेलीकॉप्टर द्वारा खूंटी पहुंचेंगी जहां वे खूंटी के बिरसा कॉलेज मैदान में महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगी। जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति के पिछले दौरे में यह कार्यक्रम स्थगित हो गया था। हालांकि इस बार राष्ट्रपति मुर्मू के उलीहातू बिरसा जन्मस्थली जाने का कार्यक्रम भी फिलहाल तय नहीं है।
झारखंड से बेहद लगाव
झारखंड गवर्नर के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 6 साल झारखंड प्रदेश में गुजार चुकी हैं। झारखंड से उन्हें बेहद लगाव भी है। राष्ट्रपति का इस बार यह दौरा तीन दिवसीय है। इस दौरान वह राजभवन में ही विश्राम करेंगीं, जहां उन्होंने 6 साल गवर्नर के रूप में गुजारा है। 26 मई की सुबह राष्ट्रपति दिल्ली प्रस्थान करेंगी।









