प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को झारखंड आ रहे हैं। वे भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर खूंटी से विकसित भारत यात्रा की शुरुआत करेंगे। पार्टी और प्रशासनिक स्तर पर उनके आगमन की तैयारियां चल रही है। यह तैयारियां अब अपने अंतिम चरण पर है। आगमन की व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर एसपीजी के जवानों और अधिकारियों ने खूंटी का दौरा किया है। वहीं जिला प्रशासन भी तमाम तैयारियों में लगा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड में चार घंटे का समय बिताएंगे। इस दौरान उनके कई कार्यक्रम होने हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक 15 नवंबर की सुबह 8.30 बजे दिल्ली से रांची के लिए उड़ान भरेंगे। वे सुबह 10 बजे रांची एयरपोर्ट पर उतरेंगे। यहां से 10.20 बजे हेलिकॉप्टर से उलिहातू के लिए उड़ान भरेंगे। उलिहातू में 10.20 से 10.35 बजे के बीच भगवान बिरसा मुंडा पर पुष्पाजंलि करेंगे। फिर, भगवान बिरसा मुंडा के पैतृक आवास में उनके परिजनों से भी मिलेंगे। प्रधानमंत्री 11 बजे हेलिकॉप्टर से खूंटी के लिए रवाना होंगे। 11.10 बजे खूंटी में उतरने के बाद उनका ट्राइबल कलाकारों द्वारा स्वागत किया जाएगा। वहां पर ट्राइबल प्रदर्शनी को भी देखेंगे।
ट्राइबल प्रदर्शनी देखने के बाद 11.30 बजे झंडा दिखाकर विकसित भारत यात्रा को रवाना करेंगे। इसके बाद जनजातीय मंत्री का भाषण होगा। 11.45 से पीवीटीजी मिशन और पोर्टल लांच पर शॉर्ट फिल्म का प्रदर्शन होगा। 11.50 बजे बटन दबा कर कई योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। 11.55 बजे सीएम का भाषण और दोपहर 12 बजे पीएम का भाषण होगा। 12.30 बजे पीएम रांची के लिए उड़ान भरेंगे। वहां से दिल्ली चले जाएंगे।