सरायकेला : सरायकेला प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय कुमार सपरिवार वरिष्ठ नागरिक गृह पहुंचे। इस दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने वरिष्ठ नागरिक गृह का निरीक्षण किया। इस क्रम में सर्वप्रथम उन्होंने उक्त परिसर में निवासरत बुजुर्ग महिला एवं पुरुषों से वार्ता कर उनसे परिचय प्राप्त की।
उन्होंने कहा कि परिसर में स्थित सभी सदस्यों को अपने परिवार के सदस्य मानकर हंसी-खुशी जीवन व्यतीत करे। यदि किसी प्रकार की समस्याओं होती है तो संचालक या जिला प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि उसका निष्पादन ससमय किया जा सके। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने उक्त परिसर में बनाए गए विश्राम गृह, स्वास्थ जांच परिसर, रसोईघर, डाइनिंग हॉल, शौचालय इत्यादि की व्यवस्था का जायजा लिया।
प्रशासन की निगरानी में फरीदा एनजीओ जमशेदपुर के द्वारा संचालित वरिष्ठ नागरिक गृह की व्यवस्था से न्यायाधीश संतुष्ट हुए। उन्होंने कहा कि उक्त परिसर में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों की चेहरे की मुस्कान प्रशासन की मेहनत एवं निगरानी का नतीजा है। इन्हें बेहतर सुविधा प्रदान की जा रही है।










