रांची : नगड़ी थाना क्षेत्र के हरही-पुरियो जाने वाली सड़क किनारे आज सुबह एक हाथी को मृत देखा गया। इसके बाद ये घटना जंगल में आग की तरह फैल गई। मृत हाथी को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ घटना स्थल पर उमड़ पड़ी। इसके बाद इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम जांच में जुट गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि ये हाथी कई दिनों से बीमार था। इतना ही नहीं वो अपने झुंड से बिछड़ गया था और जंगली इलाकों में अकेले ही कई दिनों से विचरण कर रहा था। ग्रामीणों की मानें तो बीमारी में ही इसने दम तोड़ दिया होगा। पशु चिकित्सकों की मेडिकल टीम द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। इसके बाद ही असली वजह सामने आ पाएगी।