जमशेदपुर की रितिका तिर्की और पूर्णिमा महतो को गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रपति भवन में ‘एट होम रिसेप्शन’ में शामिल होने का निमंत्रण मिला है। दोनों को पोस्ट के द्वारा निमंत्रण बॉक्स मिला है, साथ ही राष्ट्रपति भवन से फोन कॉल भी आया। इस मौके पर दोनों का सर गर्व से ऊंचा हो गया है। यह विशेष भोज 26 जनवरी को शाम 4 बजे आयोजित होगा, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री, सभी राजनैतिक दलों के नेता और विदेशी मेहमान शामिल होंगे।

रितिका तिर्की देश की वंदे भारत ट्रेन की पहली ट्राइबल सहायक लोको पायलट हैं। जमशेदपुर के जुगसलाई इलाके की रहने वाली रितिका ने रेलवे में नौकरी मिलने के बाद टाटानगर से गोमो तक वंदे भारत एक्सप्रेस चलाकर इतिहास रचा था। जब उन्हें राष्ट्रपति भवन से निमंत्रण मिला, तो उन्हें अपनी आंखों पर विश्वास नहीं हुआ। निमंत्रण बॉक्स प्राप्त करने के बाद उन्हें यह एहसास हुआ कि यह सम्मान कितना महत्वपूर्ण है।
राष्ट्रपति भवन में स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के मौके पर ‘एट होम रिसेप्शन’ का आयोजन होता है, जिसमें देश के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाता है। इस बार रितिका तिर्की और पूर्णिमा महतो को इस विशेष भोज में शामिल होने का निमंत्रण मिला है, जिससे उनका सर गर्व से ऊंचा हो गया है। यह कार्यक्रम राष्ट्रपति भवन में परेड के बाद आयोजित किया जाएगा, जिसमें भाग लेने के लिए खास तरह का निमंत्रण बॉक्स भेजा जाता है।










