रांची : राजद के प्रधान महासचिव संजय प्रसाद यादव ने सोमवार को मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि मैं राजनीति छोड़ सकता हूं लेकिन पार्टी कभी नहीं छोड़ सकता। दरअसल बात ऐसी है कि एक निजी चैनल ने संजय यादव के राजद से दूरी को लेकर खबर चलाई थी। इसे खंडन करते हुए उन्होंने कहा कि सारी दुनिया पलट जाएगी लेकिन संजय यादव कभी नहीं पलट सकता। इसके अलावा आने वाले लोकसभा चुनाव पर भी अपनी बात रखी।
4 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा राजद
संजय ने कहा कि लोकसभा चुनाव में हमारी पार्टी की 4 सीट पर दावेदारी है। गोड्डा, कोडरमा, चतरा और पलामू हमारी परंपरागत सीट है। हम लोगों ने लिस्ट आलाकमान को सौंप दिया है। वहीं बोर्ड निगम में जगह नहीं मिलने पर संजय यादव ने कहा कि हमलोग लालची नहीं हैं। राजद मेहनत पर विश्वास करने वाली पार्टी है। सरकार के मुखिया हेमंत सोरेन को हमारी पार्टी का हमेशा से सहयोग रहा है। विधानसभा चुनाव में पोड़ैयाहाट सीट पर राजद ने अपनी दावेदारी पेश की है।
एमएलसी सुनील व अमित शाह की मुलाकात पर क्या बोले संजय यादव
बिस्कोमान के चेयरमैन और बिहार के एमएलसी सुनील सिंह और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात पर संजय यादव ने कहा कि राजनीति में कौन कब कहां रहेगा, यह कहना मुश्किल है। सुनील सिंह बिहार के जाने-माने नेता हैं। इस मुलाकात के कई मायने हो सकते हैं, लेकिन सुनील राजद के नेता हैं।
लालू प्रसाद ने बिनोद सिंह को पार्टी से किया है निष्कासित
पार्टी के पूर्व प्रदेश महासचिव बिनोद सिंह के निष्कासन पर संजय ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया था। भूलवश प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने उन्हें पार्टी में शामिल किया। प्रदेश अध्यक्ष को गलती का एहसास हुआ, तो उन्हें पुनः पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।










