फिरोजाबाद : यूपी के फिरोजाबाद से एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है। यहां शादी के बाद पति के साथ कांड हो गया। उस नई नवेली दुल्हन की शादी की मेंहदी अभी छूटी भी नहीं थी कि वो अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। वो भी आधी रात में। जब पति सुबह उठा तो देखा कि पत्नी गायब है। उसके बाद उसने अपने परिजनों को जानकारी दी और थाने जाकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। वहीं पत्नी के प्रेमी व उसके सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
31 मार्च 2023 को हुई थी शादी
मूल रूप से औरैया जिले के फंफूद थाना क्षेत्र एवं वर्तमान में टूंडला थाना क्षेत्र निवासी युवक की शादी 31 मार्च 2023 को हुई थी। शादी के बाद उसकी पत्नी टूंडला स्थित मकान पर परिवार के साथ रह रही थी। घर में खुशियों का माहौल था। बधाई गीत गाए जा रहे थे। लोग नवेली दुल्हन की मुंह दिखाई की रश्म के लिए घर आ-जा रहे थे।
रात करीब डेढ़ बजे प्रेमी के साथ हुई फरार
शनिवार की सुबह युवक जगा तो पत्नी नहीं दिखी। उसने बाहर आकर देखा तो घर पर भी नहीं दिखाई दी। इस पर उसने घर वालों से पूछा तो उन्होंने भी कोई जानकारी नहीं होने की बात कही। नवेली बहू के गायब होने खबर निकली तो आसपास के लोग भी जमा हो गए। जानकारी करने पर पता चला कि बहू रात करीब डेढ़ बजे घर का दरवाजा खोलकर अपने प्रेमी के साथ रफूचक्कर हो गई।
पुलिसकर्मियों को दी घटना की जानकारी
परिजन ने रिश्तेदारों में, पहचान वालों में फोन करके जानकारी करना शुरू कर दिए। पता चला कि बहू रामपुर जिले के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के अहमद नगर निवासी अपने प्रेमी अजय कुमार के साथ चली गई है। जानकारी हुई तो पीड़ित पति सीधे थाने पहुंचा। उसने अपनी पीड़ा पुलिसकर्मियों को बताई।
विवाहिता व प्रेमी के तलाश में जुटी पुलिस
पीड़ित ने पत्नी के प्रेमी अजय कुमार, उसके माता-पिता, भाई-बहन के खिलाफ थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। विवाहिता और उशके प्रेमी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें ढूंढ लिया जाएगा।