सरायकेला : भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। भाजपा जितना मजबूत होगी भारतीय लोकतंत्र उतना ही मजबूत होगा। यह बातें बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने रविवार को सरायकेला में आयोजित प्रबुद्ध जन सम्मेलन के मौके पर कही।
सरायकेला स्थित धर्मशाला में रविवार को भाजपा जिला कमेटी द्वारा प्रबुद्ध जन सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें कई नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए। मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश मौजूद हुए।
कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दीपक प्रकाश ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करना है तो भाजपा को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि पहले भारत दुनिया की तरफ देखता था। आज पूरी दुनिया भारत की तरफ नजर गड़ाए बैठी है। यह सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चलते संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि जन जन के विकास को लेकर भारतीय जनता पार्टी लगातार प्रयत्नशील रहती है। आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केंद्र सरकार के जन उपयोगी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे लोगों तक पहुंचाने का काम करें।









