रामगढ़ जिले के भुरकुंडा स्थित श्री अग्रसेन स्कूल में बुधवार को विश्व एथलेटिक्स दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल परिसर में खेल शिक्षक नरेंद्र सिन्हा और मंजू कुमारी की देखरेख में विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। बच्चों ने दौड़, गोला फेंक, डिस्कस थ्रो, लंबी कूद और ऊंची कूद जैसी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन स्पर्धाओं के माध्यम से छात्रों ने न केवल अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया, बल्कि तंदरुस्ती और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश भी दिया। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिसने आयोजन की रौनक को और बढ़ा दिया।

स्कूल के प्राचार्य विवेक प्रधान ने इस अवसर पर खेलकूद के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देते हैं, बल्कि टीम वर्क, सामंजस्य, सहनशीलता और सामाजिक कौशलों को भी विकसित करते हैं। प्राचार्य ने जोर देकर कहा कि खेलकूद से युवाओं में चुनौतियों का सामना करने की क्षमता और सद्भावना का गुण विकसित होता है, जो एक प्रगतिशील समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का गौरव बढ़ाने के लिए उचित संसाधन उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया।
विश्व एथलेटिक्स दिवस का यह आयोजन सभी उम्र के लोगों को शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का एक शानदार मंच साबित हुआ। खेल शिक्षक नरेंद्र सिन्हा ने बताया कि एथलेटिक्स में दौड़, कूद, फेंक और चाल जैसी गतिविधियां शामिल होती हैं, जो शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। आयोजन को सफल बनाने में विजय शर्मा, सीमा लकड़ा और रीता राय जैसे शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।