रांची : सिल्ली के पूर्व विधायक अमित महतो ने मंगलवार को रांची सिविल कोर्ट में सरेंडर किया। जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है। उन्होंने साल 2022 में विधानसभा घेराव मामले में सरेंडर किया। विधानसभा घेराव के दौरान उन पर मामला दर्ज किया गया था। जेएमएम के पूर्व सिल्ली विधायक रह चुके अमित महतो पर 2022 में विधानसभा घेराव करने तथा सोनाहातू के सीओ पर मारपीट करने का आरोप लगा था। जिसमें कोर्ट ने अमित महतो को दोषी पाया था। जिसके बाद उनकी विधायकी भी चली गई थी। सरेंडर करने से पहले अमित महतो ने कहा कि खतियानी हित में अगर हमें 100 बार जेल जाना पड़ेगा तो हम जाएंगे।
धुर्वा थाने में दर्ज हुआ था मामला
वर्ष 2022 में अमित महतो ने विधानसभा घेराव कार्यक्रम में भाग लिया था। इस मामले को लेकर अमित महतो सहित अन्य के खिलाफ धुर्वा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अमित महतो ने इस मामले में हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की थी। जिसे हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया था। जिसके बाद मंगलवार को अमित महतो ने सिविल कोर्ट में सरेंडर किया। जेल भेजे के दौरान पूर्व विधायक ने कहा कि खतियान आंदोलन के कारण उन्हें जेल जाना पड़ रहा है और यह उन्हें मंजूर है।









