सिनेमा जगत के मशहूर कलाकार रजनीकांत झारखंड पहुंचे हुए हैं। उन्होंने यहां स्थित रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना की। साथ ही अभिनेता ने राजभवन में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से भी शिष्टाचार भेंट कीं। गौरतलब है कि सुपरस्टार रजनीकांत इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘जेलर’ को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। इस फिल्म को पूरी दुनिया के दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। अचानक रजनीकांत रांची पहुंचे। रजनीकांत की गुरु परमहंस योगानंद पर गहरी आस्था है। रांची में योगदा सत्संग के कार्यक्रम में शामिल होने वह रांची पहुंचे थे। बताया जाता है कि यह पहली बार नहीं है इससे पहले भी रजनीकांत बगैर किसी सूचना के रांची आते रहे हैं और योगदा सत्संग के कार्यक्रम में शामिल होते रहे हैं। सुपरस्टार रजनीकांत रजरप्पा आये और रजरप्पा मंदिर में की पूजा अर्चना, रामगढ़ एसपी पीयूष पांडेय ने स्वागत किया।

राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से राजभवन में मुलाकात की
योगदा सत्संग सोसायटी का मुख्यालय रांची भी है। अपनी झारखंड यात्रा में रजनीकांत ने राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से राजभवन में मुलाकात की। राज्यपाल ने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए उनसे मुलाकात की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, अपने मित्र, भारत के महान अभिनेताओं में से एक तथा एक शानदार इंसान रजनीकांत से मिलकर आह्लादित हूं। राजभवन में उनसे सद्भावना मुलाकात हुई। झारखंड की धरती पर उनका स्वागत है.
सामान्य व्यक्ति की तरह आये पूजा की और चले गये
रजनीकांत की यह यात्रा बेहद गोपनीय रखी गयी थी। राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात के बाद रजनीकांत रजरप्पा में स्थित छिन्नमस्तिका मंदिर पहुंचे। साधारण व्यक्ति की तरह पूजा की। जैसे ही आसपास के लोगों को पता चला कि रजनीकांत यहां पहुंचे हैं उनकी एक झलक के लिए लोगों की भीड़ जमा होने लगी। कुछ लोगों ने सेल्फी के लिया आग्राह किया तो रजनीकांत ने तस्वीर भी खिंचवाई। मंदिर के अंदर मौजूद पंडित ने बताया कि मैं देखकर हैरान रह गया हमें पहले से सूचना नहीं थी कि वह आ रहे हैं अचानक वो सामने थे वह किसी सामान्य व्यक्ति की तरह आये पूजा की और चले गये। कई लोगों ने उन्हें पहचाना तो फिर कुछ तस्वीरें ली।










