रांची : आम आदमी की थाली में स्वाद का जायका बढ़ाने वाला टमाटर अब लोगों की पहुंच से दूर होता जा रहा है। पिछले तीन दिनों के भीतर टमाटर की कीमतों में बेहिसाब इजाफा देखने को मिल रहा है। जो टमाटर दो -तीन दिन पहले तक बीस से तीस रुपए किलो तक खुदरा बाजार में उपलब्ध था, आज उसकी कीमत सौ रूपये के पार है। अब इसका सीधा असर उपभोक्ता पर पड़ रहा है और किलो में टमाटर खरीदने वाले अब ग्राम पर उतर आए हैं।
थोक मंडी के व्यापारियों के मुताबिक, बड़ी क़ीमतों के पीछे की वजह लगातार हो रही बारिश, तेज गर्मी और ट्रांसपोर्टिंग है। वहीं, राज्य के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने टमाटर समेत खाने पीने की चीजों के मूल्य नियंत्रण केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र का बताते हुए गेंद बीजेपी के पाले में फेंकने की कोशिश करते नजर आए। साथ ही उन्होंने बढ़ी क़ीमतों पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन से भी पहल करने की बात कही है।
बादल पत्रलेख ने कहा कि बाजार में जो अभी तेजी आयी उसका किसी को नहीं मिला रहा है। सिर्फ बिचौलियों को लाभ मिल रहा है। किसानों को बढ़े हुए दाम का कोई फायदा मिल रहा है। बिचौलियों पर केंद्र सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। केंद्र सरकार अपने संबंधित एजेंसी को कार्रवाई करने के लिए कहे। इसके दायरे में जो लोग होंगे उनपर विधि सम्मत कार्रवाई करे, तब जाकर लगाम लगेगी।
बाहरहाल, श्रावणी मेले के शुरू होने में अब महज कुछ दिन शेष रह गए है। ऐसे में अगर जल्द ही सब्जियों की बढ़ती कीमत पर काबू नहीं पाया गया तो, मेले के दौरान बाबधाम पहुंचने वाले भक्तों की जेब और बजट पर इसका असर पड़ना तय है।









