रांची : भगवान बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान में 9 और 10 अगस्त को झारखंड आदिवासी महोत्सव-2023 का आयोजन किया जायेगा। महोत्सव में पारंपरिक जनजातीय उत्पाद व आभूषण आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके अलावा पारंपरिक आदिवासी आभूषण और पलाश ब्रांड के उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की जायेगी। पलाश ब्रांड के तहत राज्य भर की ग्रामीण महिलाएं खाद्य और गैर-खाद्य उत्पादों के उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन के माध्यम से अपनी आजीविका कमा रही हैं। आदिवासी पारंपरिक कला एवं संस्कृति लोगों तक पहुंचाने के मकसद से आदिवा ब्रांड के तहत पारंपरिक आभूषणों को बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है।
स्टॉलों में होगी इन उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री
महोत्सव के स्टॉलों में 30 से ज्यादा उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री होगी। महोत्सव में आप तरह-तरह के उत्पादों को खरीद सकते हैं। इनमें शुद्ध शहद, कोल्ड प्रेस्ड सरसों का तेल, काला गेहूं का आटा, हल्दी, मिर्च पाउडर, रागी का आटा, रसायन मुक्त साबुन, कुकीज आदि शामिल हैं। साथ ही लोग आदिवासी व्यंजनों जैसे- राइस डंबु, मड़ुवा डंबु, धुस्का घुघनी, मड़ुआ पकौड़ा, माढ़ जोर, दाल पीठा आदि का स्वाद ले सकेंगे। इसके अलावा यहां आजीविका दीदी कैफे का भी स्टॉल लगाया जायेगा।










