Russia Wagner Rebel : रूस के लिए लड़ने वाले भाड़े के सैनिकों के वैगनर समूह ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ जंग छेड़ दिया है। रूसी सैन्य नेतृत्व को उखाड़ फेंकने के लिए बढ़ रहे हैं। वैगनर समूह के विद्रोह के बाद रूस की राजधानी मॉस्को में टैंक और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। वैगनर आर्मी के चीफ येवगेनी विक्टरोविच प्रिगोजिन के बगावत पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि वैगनर ने रूस को धोखा दिया है। उन्होंने सेना की पीठ पर छुरा भोंका है।
सेना के खिलाफ हथियार उठाने वाला हर कोई देशद्रोही- पुतिन
पुतिन ने अपने संबोधन में कहा कि सेना के खिलाफ हथियार उठाने वाला हर कोई देशद्रोही है। सेना को इससे निपटने के सभी जरूरी आदेश दे दिए हैं। पुतिन ने कहा कि पश्चिम के खिलाफ हमारे लोगों की लड़ाई में एकता की आवश्यकता है। ये बगावत हमारे भाइयों के साथ विश्वासघात है। हमारे लोगों की पीठ पर हमला है, जैसा 1917 में हुआ था। जब हमारा देश बंटा था। हम ऐसा नहीं होने देंगे। यह एक आंतरिक विश्वासघात है।
वैगनर के गद्दारों को देंगे सजा- पुतिन
पुतिन ने वैगनर समूह के गद्दारों को सजा देने का संकल्प लिया। रूसी राष्ट्रपति ने बताया कि रोस्तोव में स्थिति जटिल बनी हुई है। रोस्तोव में नागरिक और सैन्य प्रशासन का काम अवरुद्ध है। पुतिन ने कहा, वैगनर प्रमुख ने व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा के चलते रूस के साथ विश्वासघात किया। वैगनर विद्रोह रूस के लिए घातक है। पुतिन ने कहा, जिन लोगों ने विद्रोह शुरू किया, उन्होंने रूस को धोखा दिया है। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वैगनर चीफ का दावा- मैं आर्मी हेडक्वार्टर के अंदर
रूसी राष्ट्रपति के संबोधन के दौरान ही वैगनर लड़ाकों के चीफ येवगेनी विक्टरोविच प्रिगोझिन ने कहा है कि वे रोस्तोव में आर्मी हेडक्वार्टर के अंदर हैं। रोस्तोव शहर पर वैगनर लड़ाकों ने कब्जे का दावा किया है। प्रिगोझिन का एक वीडियो भी सामने आया है। वैगनर समूह के चीफ येवगेनी विक्टरोविच प्रिगोझिन ने कहा है कि वे रूसी सैन्य नेतृत्व को उखाड़ फेंकेंगे। उनके 25000 हजार लड़ाके मरने के लिए तैयार है। उसके बाद 25 हजार फिर आएंगे।
वैगनर समूह में 50 हजार भाड़े के लड़ाके
वैगनर समूह में भाड़े के लड़ाके हैं, जिनकी संख्या 50 हजार के करीब बताई जाती है। ये लड़ाके यूक्रेन में कई मुश्किल मौकों पर रूसी सेना के लिए मददगार बने हैं।
रूस ने शुरू किया आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन
वैगनर लड़ाकों के विद्रोह के बाद रूस की राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी समिति ने कहा है कि मास्को और मास्को क्षेत्र पर संभावित आतंकवादी हमलों को रोकने के लिए, आतंकवाद-विरोधी ऑपरेशन व्यवस्था शुरू की गई है।
Read More : पुतिन के खिलाफ वैगनर समूह ने छेड़ी जंग, रूस में तख्तापलट का एलान, जानिए क्या बोले चीफ










