चतरा : गर्मी में इंसान तो इंसान जानवरों भी बेहाल हो गया है। जंगल से भटक कर जंगली जीव पानी की तलाश में गांव की ओर आ रहे हैं। पानी की यह तलाश उन्हें मौत की ओर ले जा रही है। चतरा में जंगल से भटक कर गांव में पहुंचे हिरण की मौत हो गई है। इसकी सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी जिसके बाद वन विभाग की टीम पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया के बाद हिरण के शव को प्रतापपुर वन कार्यालय ले जाया गया।
कुत्तों के हमले से हिरण की हुई मौत
जिले के प्रतापपुर वन क्षेत्र के राजपुर जंगल के रास्ते भटक कर प्रतापपुर थाना क्षेत्र के राजपुर गांव पहुंच गया। इसके बाद गांव के आवारा कुत्तों ने हिरण को घेर कर उसे नोच डाला। जिससे हिरण की मौत हो गई। इस पूरे घटना क्रम की जानकारी ग्रामीणों ने वन विभाग को दी। जिसके बाद वनपाल प्रभारी आशीष कुमार मिश्र, वनरक्षी विकास रंजन, रितेश वाखला, प्रदीप पासवान, कृष्ण मोहन दास, अनूप कुमार गृह रक्षक मौके पर पहुंच कर हिरण के शव को कब्जे में ले लिया। जिसके बाद हिरण के शव को वन विभाग प्रतापपुर ने वन कार्यालय लाकर पोस्टमार्टम किया।










