धनबाद के टुंडी थाना क्षेत्र में कुछ महिलाओं को डायन बिसाही बताकर उनके साथ दुर्व्यवाहर करने का गंभीर मामला सामने आया है। एक ही परिवार की महिलाओं को प्रताड़ित करने के आरोप में 16 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित महिलाओं ने गांधी सेवा सदन में मीडिया से बात करते हुए आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनके घर में घुसकर उन्हें डायन कहा और उनके साथ मारपीट की। इस अत्याचार के कारण पीड़ित महिलाएं अपने परिवार के साथ घर छोड़कर चली गई हैं और वापस लौटने से डर रही हैं।
पीड़ित महिलाओं ने कहा कि उन्हें अपने जान का खतरा है और वे जिला प्रशासन और सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रही हैं। उन्होंने सुरक्षा की भी अपील की है ताकि वे सुरक्षित जीवन जी सकें। टुंडी थाना प्रभारी उमाशंकर ने बताया कि शिकायत पर 16 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच जारी है। पुलिस द्वारा आरोपियों की खोजबीन की जा रही है और इस घटना की पूरी जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला राज्य में महिलाओं के प्रति हो रहे अत्याचार और समाज में व्याप्त अंधविश्वास की गंभीरता को दर्शाता है। प्रशासन और समाज को मिलकर ऐसे मामलों को रोकने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस कदम उठाने की जरूरत है।










