रांची : राजधानी रांची में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में बेहतर पुलिसिंग को लेकर राज्य के मुखिया हेमंत सोरेन द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ झारखंड मंत्रालय में बैठक की गयी थी। जिसमें राज्य के मुख्यमंत्री के द्वारा प्रशासनिक पदाधिकारियों को दिशा निर्देश दिया गया था कि अपराध पर हर हाल में लगाम लगाए। बैठक के दौरान सीएम हेमंत ने राज्य में बढ़ते अपराध पर नाराजगी भी जताई थी।
इसके बावजूद बुधवार देर शाम रांची से सटे ग्रामीण इलाके नगड़ी में अज्ञात अपराधियों के द्वारा सीपीआईएम के नेता और जमीन कारोबार से जुड़े सुभाष मुंडा की उन्हीं के ऑफिस में घुसकर हत्या कर दी गई। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर आगजनी और तोड़फोड़ की। वहीं अभी भी आक्रोशितों ने सड़क जाम किया हुआ है।
घटनास्थल पर पहुंचे वरीय प्रशासनिक पदाधिकारियों के गाड़ी पर भी आक्रोशित लोगों ने पथराव किया है। इस घटना के विरोध में तमाम आदिवासी संगठनों के द्वारा घटना के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को हत्या के विरोध में रांची बंद बुलाया गया है। रांची बंद को लेकर स्थानीय और आदिवासी संगठनों के द्वारा सुबह से ही सड़कों पर विरोध किया जा रहा है। वही प्रशासन शांति व्यवस्था कायम करने को लेकर लगातार प्रयासरत हैं। घटना के पीछे के कारणों और अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।










