रांची : सीपीआईएम नेता सुभाष मुंडा की हत्या के बाद लोगों में काफी आक्रोश है। आक्रोशित लोगों ने रिंग रोड पर टायर जलाकर जामकर कर दिया है। वहीं दलादली चौक से लेकर पिस्का नगड़ी स्टेशन तक जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन कर रहे है। इस बीच क्षेत्र में भारी पुलिस बलों की तैनाती की गई है। लोगों का गुस्सा हेमंत सरकार और पुलिस प्रशासन पर फुट पड़ा है।
‘हमलोग सेंदरा करने के लिए हो जाएंगे मजबूर’
सुभाष मुंडा की मां ने हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग की है। मां ने पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि रातू थाना और नगड़ी थाना का प्रभारी कहां है। उनको खोज कर निकालिए। अगर पुलिस प्रशासन कार्रवाई नहीं करती है तो हमलोग सेंदरा करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। वहीं मृतक सुभाष मुंडा की बहन ने एक पुलिस अधिकारी पर आरोप लगाते हुए कहा कि विरोध शामिल महिलाओं के साथ वे धक्का-मुक्की करने लगे। महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। तब हमलोग मारने लगे, पुलिस अधिकारी को तमीज नहीं है कि महिलाओं के साथ किस तरह व्यवहार करना चाहिए। हमलोग अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। लेकिन पुलिस प्रशासन उलटे ही हमलोगों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। आदिवासी समाज का एक चिराग चला गया।

12 साल पुराने इतिहास को दोहराएंगे
उन्होंने पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर एक भी सुराग नहीं मिला तो हमलोग थाने को जालाएंगे। 12 साल के इतिहास को एक बार फिर से दोहराएंगे। पुलिस अपराधियों को मेरे सामने लाए हमलोग उसका सेंदरा करेंगे। अपराधियों को फांसी देने में पुलिस को मोह लगता है हमलोगों को मोह नहीं लगेगा। हमलोग अपराधियों को सजा देंगे।
आक्रोशित लोगों ने लगाए लाल सलाम के नारे
इस बीच आक्रोशित लोगों ने थाना प्रभारी को बर्खास्त करने की मांग की। एसपी और डीएसपी के खिलाफ लोगों ने जमकर नारे लगाए। वहीं मृतक सुभाष मुंडा के प्रति लोगों ने लाल सलाम के नारे लगाए। आक्रोशित लोगों ने डीआईजी, एसपी से कहा कि अपने कहे हुए वादा को पूरा करो। हमलोग आंदोलन से पीछे हटने वाले नहीं हैं। आज सुभाष मुंडा का अंतिम संस्कार है, इसलिए आज हम कुछ ज्यादा नहीं कहेंगे। लेकिन अपराधियों को पुलिस नहीं पकड़ पाती है तो कल से हमलोगों का आंदोलन बहुत ही उग्र होगा और पूरा रांची जलेगा। इस दौरान लोगों ने हेमंत सोरेन पर भी जमकर भड़ास निकाली। अगर अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो 2024 में हेमंत सोरेन को गद्दी छोड़ना पड़ेगा।
अपराधियों ने सुभाष मुंडा को 7 गोली मारी
बता दें कि रांची के दलादली चौक में अज्ञात अपराधियों ने बुधवार देर शाम सीपीआईएम के नेता और जमीन कारोबार से जुड़े सुभाष मुंडा की उन्हीं के ऑफिस में घुसकर गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अपराधियों ने ऑफिस में बैठे सुभाष मुंडा पर ताब़तोड़ फायरिंग की। सुभाष मुंडा को 7 गोली है। गोली मारने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। मामले की जानकारी मिलने के बाद इलाके की घेराबंदी कर अपराधियों की तलाश पुलिस कर रही है। हालांकि अभी तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। इलाके में अभी भी तनाव का माहौल बना हुआ है।










