ईडी की टीम रांची के सात जगहों पर छापेमारी कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह छापेमारी झारखंड राज्य के वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव, उनके बेटे रोहित उरांव, नेक्सजेन के मालिक विनय सिंह और शराब कारोबारी योगेंद्र तिवारी से संबंधित ठिकानों पर चल रही है। शराब कारोबारी योगेंद्र तिवारी के हरमू स्थित आवास पर छापेमारी चल रही है। इसके अतिरिक्त रांची, देवघर, दुमका, कोलकाता, धनबाद और गोड्डा जिलों में छापेमारी की जा रही है। पूरे झारखंड में कल 32 ठिकानों पर छापेमारी चल रही है।
वित्त मंत्री के बेटे का शराब करोबार में बड़ा निवेश
वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव का राज्य के शराब कारोबार में बड़ा निवेश बताया जा रहा है। ईडी के सूत्रों की माने तो उसने योंगेंद्र तिवारी के माध्यम से इस व्यवसाय में बड़ी रकम लगाई है। ईडी ने शराब घोटाले में योगेंद्र तिवारी व प्रेम प्रकाश तथा अन्य की भूमिका की प्रारंभिक जांच के बाद इस घोटाले की जांच में जुटी है। पूर्व में 21 मार्च की आयकर विभाग की छापेमारी में यह खुलासा हो गया था कि शराब कारोबारी योगेंद्र तिवारी ने करीब 15 करोड़ से अधिक की अघोषित संपत्ति अर्जित की है।
कहां-कहां चल रही छापेमारी
जानकारी के अनुसार शराब घोटाला मामले में शराब कारोबारी योगेंद्र तिवारी के दुमका के तीन जगहों पर छापेमारी जारी है। यह छापेमारी दुमका के गिलानपाड़ा चौक स्थित व्यावसायिक कार्यालय, टाटा शोरूम चौक पर अवस्थित तनिष्क शोरूम, खिजुरिया में तिवारी ऑटोमोबाइल में चल रही है। इसके अतिरिक्त योगेंद्र तिवारी के सहयोगी पप्पू शर्मा और अनिल सिंह के घर पर भी छापेमारी की जा रही है। इनका घर दुमका के कुम्हार पाड़ा स्थित ठेका बाबा मंदिर के नजदीक में है। इनके अलावा पांच ठिकानों पर ईडी रेड कर रही है। वहीं धनबाद में ग्रेवल कॉलोनी बेकारबांध में संतोष मंडल और एक अन्य व्यक्ति के यहां छापेमारी जारी है। ये दोनों योगेंद्र तिवारी से जुड़े हुए हैं।










