- दिवंगत मंत्री श्री सुदिव्य कुमार के निधन पर समाहरणालय में शोक सभा
- उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक समेत जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के पदाधिकारियों ने अर्पित की भावपूर्ण श्रद्धांजलि
**************************************
गढ़वा। झारखंड सरकार के माननीय मंत्री, नगर विकास एवं आवास विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, खेलकूद एवं कला, संस्कृति, पर्यटन तथा युवा कार्य विभाग, श्री सुदिव्य कुमार के असामयिक निधन पर मंगलवार को समाहरणालय में शोक सभा आयोजित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

शोक सभा में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा, पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के वरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा दिवंगत मंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने कहा कि श्री सुदिव्य कुमार का असामयिक निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से पूरा राज्य मर्माहत एवं शोकाकुल है। उन्होंने कहा कि दिवंगत मंत्री एक कर्मठ, संवेदनशील एवं दूरदर्शी जनप्रतिनिधि थे, जिन्होंने झारखंड की जनभावनाओं, जनसेवा और राज्य के विकास के प्रति सदैव समर्पण के साथ कार्य किया।
उपायुक्त ने कहा कि जनकल्याण एवं समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और सेवाभाव सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका असमय निधन राज्य एवं समाज के लिए ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।

अंत में उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्मा को चिर शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।










