उपायुक्त, गढ़वा शेखर जमुआर के निर्देश पर आज सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, गढ़वा द्वारा जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी गई एवं समस्याओं के निष्पादन हेतु संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया गया। आज के जनता दरबार में पेंशन, आवास, जमीन विवाद, शिक्षा, अतिक्रमण समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए ग्रामीणों की बारी-बारी से समस्या सुनी गई एवं यथाशीघ्र उनके समस्याओं के निराकरण करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निदेशित किया गया।
सर्वप्रथम प्रखंड रमना के गम्हरिया पंचायत के ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से हस्ताक्षरित आवेदन देते हुए आंगनबाड़ी सेविका चयन में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने बताया की आंगनवाड़ी सेविका के चयन प्रक्रिया में लापरवाही बरती गई है। सभी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए बताया कि योग्य उम्मीदवार के होते हुए कम पढ़े लिखे एवं सेंटर से दूर के उम्मीदवार का चयन कर दिया गया। मामले की जांच हेतु जिला समाज कल्याण पदाधिकारी एवं सीडीपीओ नगर उंटारी को पत्र अग्रसारित किया गया है।

एक अन्य मामले में केसीसी योजना के तहत ऋण माफी का आवेदन खरौंधी प्रखंड के सुंडी निवासी राजकुमार पाल ने दिया है। B.ed प्रथम वर्ष सत्र 2022-24 की छात्रवृत्ति निर्गत नहीं होने की शिकायत केवीएस संस्थान सोनपुरवा महाविद्यालय की छात्राओं ने किया है। प्रियंजलि कुमारी, दिव्या कुमारी, सुनंदी कुमारी, अंजली कुमारी, प्रिया कुमारी एवं अन्य ने बताया कि छात्रवृत्ति का फाइनल अप्रूवल अभी तक ई-कल्याण विभाग द्वारा नहीं किया गया है, जबकि डीएलसी अप्रूवल हुए लगभग 3 माह हो चुका है।
बाकी के अन्य महाविद्यालयों में छात्रवृत्ति की राशि लगभग एक माह पहले ही दे दी गई है, जबकि उन्हें छात्रवृत्ति की राशि अब तक प्राप्त नहीं हुई है। सभी ने अपने आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होने की बात बताई एवं जल्द ही छात्रवृत्ति की राशि निर्गत करने का अनुरोध किया है। इस प्रकार बारी-बारी से लोगों ने विभिन्न प्रकार की समस्याओं को पदाधिकारी के समक्ष रखा। आमजनों से प्राप्त शिकायतों का समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारीयों को आवश्यक कार्रवाई हेतु को निर्देशित किया गया।










