आज दिनांक 25 जनवरी को प्रातः 10 बजे Dr श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची के एनएसएस और एनसीसी इकाई के अलावा विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सामूहिक तौर पर विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से तिरंगा यात्रा की शुरुआत की।

इस तिरंगा यात्रा का नेतृत्व विश्वविद्यालय के कुलपति Dr तपन कुमार शांडिल्य और बड़ी संख्या में शिक्षकों और कर्मियों ने किया। इस तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने तिरंगे झंडे के साथ देशभक्ति के नारों, वंदे मातरम, जय जवान, जय किसान और जय हिंद, भारत माता की जय का उदघोष करते हुए अपनी यात्रा प्रारंभ की। यह तिरंगा यात्रा वापस Dr श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची के प्रांगण में समाप्त हुई। मौके पर कुलपति Dr तपन कुमार शांडिल्य ने अपने उदबोधन में कहा कि यह तिरंगा यात्रा हमें इस बात का बोध कराता है कि हमारे वीर सेनानियों ने अपनी स्वतंत्रता और तिरंगे के सम्मान के लिए अपना सर्वस्व देश के नाम कर दिया।
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर यह तिरंगा यात्रा हमें इस बात का भी स्मरण कराता है कि हम जहां भी हो, अपने समाज, राज्य और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करें। उन्होंने कहा कि इस तिरंगा यात्रा में विद्यार्थियों के उत्साह और उनकी बढ़ती भागीदारी को देखकर यह निश्चित तौर पर महसूस किया जा सकता है कि वर्तमान पीढ़ी के हाथों हमारा देश सुरक्षित रहेगा। इस तिरंगा यात्रा में विश्वविद्यालय के एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी Dr अभय कृष्ण सिंह, Dr शमा सोनाली, एनसीसी अधिकारी Dr गणेश चंद्र बास्के, प्रो प्रियांश कुमार और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने अपनी भागीदारी की। यह जानकारी पीआरओ प्रो राजेश कुमार सिंह ने दी।










