नये समाहरणालय गढ़वा स्थित सभागार में उपायुक्त शेखर जमुआर की अध्यक्षता में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक किया गया। बैठक में उपायुक्त द्वारा एक-एक कर ग्रामीण विकास, भू अर्जन, लघु सिंचाई, शिक्षा, पथ निर्माण, पेयजल, एनआरईपी, पंचायती राज एवं अन्य विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी से संचालित योजना यथा- सड़क निर्माण, पुल पुलिया निर्माण, जलमिनार निर्माण, सामुदायिक शौचालय निर्माण, ओपन जिम निर्माण, चेकडैम निर्माण, पुस्तकालय निर्माण, हेल्थ उप केंद्र निर्माण समेत अन्य कार्यों की एक-एक कर समीक्षा की गई।
इस दौरान उन्होंने कितने योजनाएं पूर्ण हुए, कितने योजना संचालित हैं, कितने योजना प्रक्रियाधीन है एवं कितने योजना पूर्ण होने के पश्चात अब तक हैंडओवर नहीं हुए हैं, इसकी जानकारी संबंधित विभाग के कार्यपालक अभियंता से ली गई। उपायुक्त द्वारा अपूर्ण योजनाओं को समय सीमा के अंदर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल द्वारा संचालित योजनाएं
पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल द्वारा संचालित योजनाएं एवं पूर्ण योजनाएं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जल जीवन मिशन के तहत कितने हाउसहोल्ड को जोड़ा गया है, इसकी जानकारी ली एवं संचालित कार्यों को समय सीमा के अंदर पूर्ण करने का निर्देश दिया। पथ निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने गढ़वा-मंझिआंव-कांडी सड़क मार्ग निर्माण कार्य में गति प्रदान करने का निर्देश दिया। कार्यपालक अभियंता द्वारा बताया गया कि उक्त सड़क निर्माण कार्य को पूर्ण कराने की दिशा में त्वरित गति से कार्य किये जा रहें हैं। लघु सिंचाई विभाग के तहत तिलदाग में चल रहे चेकडैम निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
कार्यों को जल्द पूर्ण करने का निदेश दिया गया
साथ ही अन्य सिंचाई योजनाओं से संबंधित सभी कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यों को जल्द पूर्ण करने का निदेश दिया गया। नीति आयोग के तहत संचालित कौशल विकास, जल निकाय जीर्णोद्धार कार्य, इम्यूनाइजेशन ऑफ़ वाटर बॉडी से संबंधित कार्य की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिया गया। खेल विभाग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने मंझिआंव एवं डंडई में ओपन जिम निर्माण से संबंधित जानकारी लेते हुए जिला खेल पदाधिकारी को प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के उपरांत संबंधीत कार्य पूर्ण कर जल्द ओपन जिम निर्माण कार्य करने का निर्देश दिया गया। बैठक में उपायुक्त ने वैसे योजना जिनका कार्य पूर्ण हो चुका है, उनका उपयोगिता प्रमाण पत्र समर्पित करने का निर्देश दिया।
उपरोक्त कार्यों को पूर्ण कराने की बात कही
समीक्षा के दौरान उपायुक्त द्वारा प्राथमिकता के आधार पर पूरी प्रक्रिया के तहत उपरोक्त कार्यों को पूर्ण कराने की बात कही। उपायुक्त ने कहा कि कोई भी विकास कार्य को लंबित न रखें एवं समय सीमा के अंदर सभी विकास योजनाओं को सभी संबंधित विभाग पूर्ण करें। कनहर पाइपलाइन योजना के तहत प्रगति कार्य के बारे में पूछे जाने पर कार्यपालक अभियंता द्वारा बताया गया कि 67% कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। शेष कार्य भी पूर्ण कर लिए जाएंगे। इस बैठक में मुख्य रूप से उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, जिला योजना पदाधिकारी संजीव कुमार सिंह समेत विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता, जिला खेल पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी आदि उपस्थित थें।










